शिवुपरीं। शिवपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जिले भर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, चिंताहरण, बालाजी धाम, खेड़ापति हनुमान मंदिर समेत सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए।
विशेष श्रृंगार और भजन संध्या से सजे मंदिर
सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी को विशेष चोला चढ़ाया और दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। मंदिरों को आकर्षक लाइटिंग और फूलों से सजाया गया था। रात को सुंदरकांड पाठ और भजन संध्या जैसे आध्यात्मिक कार्यक्रम हुए।
प्रभात फेरी निकाली गई
विश्व हिंदू बजरंग दल द्वारा खेड़ापति हनुमान मंदिर से प्रभात फेरी निकाली गई, जो माधव चौक स्थित बड़े हनुमान मंदिर पर समाप्त हुई। वहीं, सिंधिया राजवंश की छतरी स्थित मंदिर में 9 तोपों की सलामी के साथ प्रातः आरती की गई। शाम को बजरंग अखाड़ा द्वारा डीजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें युवाओं ने करतब दिखाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रहा उत्साह
कोलारस कस्बे के प्राचीन धर्मशाला हनुमान मंदिर में 5100 भक्तों ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया, जो एक अद्वितीय आयोजन रहा। मगरौनी में नवयुवक हिंदू युवा वाहिनी ने विशाल धार्मिक रैली निकाली। रन्नौद कस्बे में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल द्वारा शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
